Saturday, 11 January 2020

वह देश कौन-सा है / रामनरेश त्रिपाठी

मन मोहनी प्रकृति की गोद में जो बसा है।
 सुख स्वर्ग-सा जहाँ है वह देश कौन-सा है।।

 जिसका चरण निरंतर रतनेश धो रहा है।
 जिसका मुकुट हिमालय वह देश कौन-सा है।।

 नदियाँ जहाँ सुधा की धारा बहा रही हैं।
 सींचा हुआ सलोना वह देश कौन-सा है।।

 जिसके बड़े रसीले फल कंद नाज मेवे।
 सब अंग में सजे हैं वह देश कौन-सा है।।

 जिसमें सुगंध वाले सुंदर प्रसून प्यारे।
 दिन रात हँस रहे है वह देश कौन-सा है।।

 मैदान गिरि वनों में हरियालियाँ लहकती।
 आनंदमय जहाँ है वह देश कौन-सा है।।

 जिसके अनंत धन से धरती भरी पड़ी है।
 संसार का शिरोमणि वह देश कौन-सा है।

No comments:

Post a Comment